पोटका : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाके कोवाली थाना क्षेत्र के पोड़ाडीह गांव में 17 वर्षीय छात्रा सोमवारी पुराण का शव पेड़ से लटके मिलने के मामले में नया मोड़ सामने आया है. घटना के बाद ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर रैली निकालकर जोरदार प्रदर्शन किया. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सोमवारी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटकाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया. रैली में महिला-पुरुष ग्रामीण हाथों में सोमवारी की तस्वीर लेकर ‘सोमवारी को न्याय दो’ के नारे लगाते हुए गांव में घूमे. प्रदर्शन के दौरान पूरा गांव नारों से गूंज उठा. परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, शव के पास से एक पत्र मिला था, जिसमें सोनू नाम के एक युवक का जिक्र होने की बात सामने आई है. ग्रामीणों ने पुलिस से मामले में उक्त युवक की भूमिका समेत सभी पहलुओं की जांच करने की मांग की है. ग्रामीणों ने सोमवारी के मोबाइल फोन की भी गहन जांच कराने की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)
उनका कहना है कि मोबाइल की कॉल डिटेल और अन्य गतिविधियों की जांच से यह पता चल सकता है कि घटना की रात सोमवारी को किसने फोन किया था और क्या उसे किसी ने घर से बाहर बुलाया था. ग्रामीणों ने कहा कि पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करे. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा. प्रदर्शन में ग्राम प्रधान गोपाल पुराण, स्थानीय युवक सुजीत पुराण, मृतका की मां अनीता पुराण, पंचायत की मुखिया दुखनी माई सरदार और हल्दीपोखर मुखिया देवी कुमारी भूमिज समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.




