जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा मंडल भाजपा की नव नियुक्त मंडल कमेटी की घोषणा के बाद संगठन के भीतर ही सवाल उठने लगे हैं. पार्टी के एक वर्ग ने आरोप लगाया है कि मंडल कमेटी में पदाधिकारियों का चयन जातिगत आधार पर किया गया है, जो संगठन की कार्यप्रणाली और सक्रिय सदस्यता की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. (नीचे भी पढ़ें)
आरोप लगाने वालों का कहना है कि कमेटी में मंडल उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह लोधी, कोषाध्यक्ष सुरेंद्र राय, सह कोषाध्यक्ष संजय शर्मा तथा सह आइटी एवं सोशल मीडिया प्रभारी विक्रम यादव सक्रिय सदस्य नहीं हैं. उनका कहना है कि संगठन में मंडल से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विभिन्न दायित्वों के लिए सक्रिय सदस्यता महत्वपूर्ण मानी जाती है. ऐसे में सक्रिय सदस्य नहीं होने के बावजूद दायित्व दिए जाने से सक्रिय सदस्यता की उपयोगिता पर प्रश्नचिह्न खड़ा हो रहा है. वहीं, कार्यालय प्रभारी बनाए गए टीडी गांगुली के संबंध में भी सवाल उठाया गया है. आरोप है कि उनका निवास कदमा मंडल क्षेत्र में नहीं, बल्कि सोनारी मंडल क्षेत्र में है. (नीचे भी पढ़ें)
पार्टी के असंतुष्ट वर्ग का आरोप है कि झारखंड में पहली बार किसी मंडल कमेटी में पदाधिकारियों को कथित तौर पर जातिगत आधार पर जिम्मेदारी दिए जाने का मामला सामने आया है. साथ ही एक पदाधिकारी की जाति गलत दर्शाए जाने का भी आरोप लगाया गया है. इन आरोपों को लेकर मंडल अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष की कार्यप्रणाली तथा चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाए जा रहे हैं. हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. संबंधित मंडल अध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष का पक्ष मिलने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.




