जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान की पहल पर शहर की डोर-टू-डोर कचरा उठाने की व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है. 14 जुलाई को हुई नगर परिषद की बोर्ड बैठक में अध्यक्ष नौशीन खान द्वारा रखे गए प्रस्ताव को मंजूरी दी गई. इसके बाद वर्तमान कचरा उठाने वाली कंपनी के टेंडर को रद्द करने की कार्रवाई की गई है. बोर्ड बैठक के बाद अध्यक्ष नौशीन खान ने जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को एक लिखित पत्र भी भेजा था. इस पत्र में डोर-टु-डोर कचरा उठाने के काम से जुड़ी कई महत्वपूर्ण बातें उठाई गई थीं. पत्र में कहा गया था कि संबंधित कंपनी द्वारा कई दिनों से नियमित रूप से कचरा नहीं उठाए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही थीं. इसके कारण शहर की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठ रहे थे. पत्र में यह भी बताया गया कि इस मामले में पहले ही 2 मई 2026 को पत्र के माध्यम से संबंधित कंपनी का टेंडर रद्द करने की बात कही गई थी. इसके बाद 14 जुलाई 2026 को हुई नगर परिषद की बोर्ड बैठक में इस मामले को फिर गंभीरता से उठाया गया. बैठक में वर्तमान कंपनी का टेंडर रद्द करने और किसी दूसरी कंपनी को टेंडर के माध्यम से डोर-टु-डोर कचरा उठाने का काम देने का प्रस्ताव रखा गया. बोर्ड बैठक में प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी की ओर से संबंधित टेंडर को रद्द करने की कार्रवाई की गई. इस फैसले को जुगसलाई शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
अध्यक्ष नौशीन खान द्वारा रखे गए प्रस्ताव में मुख्य रूप से शहर के लोगों को बेहतर सफाई सुविधा देने और कचरा उठाने की व्यवस्था को नियमित करने पर जोर दिया गया था. डोर-टू-डोर कचरा उठाने में लापरवाही या देरी के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए टेंडर रद्द करने के फैसले को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. अब नौशीन खान की इस पहल के बाद नगर परिषद के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह होगी कि नए टेंडर के माध्यम से ऐसी एजेंसी का चयन किया जाए, जो शहर के हर क्षेत्र से नियमित रूप से कचरा उठाए, सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए और लोगों की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करे. बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखे जाने और उसके बाद टेंडर रद्द करने की कार्रवाई से यह साफ है कि नगर परिषद शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर गंभीर है. नौशीन खान द्वारा इस मामले को बोर्ड के सामने रखना और प्रस्ताव को मंजूरी दिलाना जुगसलाई में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. इस मौके पर जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने कहा कि जुगसलाई शहर के लोगों को साफ-सुथरा और बेहतर वातावरण देना हमारी पहली प्राथमिकता है. डोर-टू-डोर कचरा उठाने के काम में लगातार लापरवाही और लोगों की ओर से मिल रही शिकायतों को किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. लोगों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर परिषद की जिम्मेदारी है. नौशीन खान ने कहा कि हमारा उद्देश्य किसी व्यक्ति या कंपनी को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि जुगसलाई के लोगों को बेहतर सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराना है. नए टेंडर के माध्यम से ऐसी एजेंसी का चयन होना चाहिए, जो नियमितता, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ हर घर से कचरा उठाने का काम करे. उन्होंने कहा कि जुगसलाई के लोगों की सुविधा, शहर की सफाई और एक बेहतर नागरिक व्यवस्था के लिए जहां भी जरूरत होगी, नगर परिषद कड़े और प्रभावी फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगी.




