जमशेदपुर : टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड (टाटा स्टील यूआइएसएल) ने शुक्रवार को नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित अशोक होटल में आयोजित प्रतिष्ठित “जीइइएफ ग्लोबल वाटर टेक अवार्ड्स 2026” में “इंटीग्रेटेड वाटर एंड वेस्टवॉटर मैनेजमेंट कंपनी ऑफ द इयर 2026” श्रेणी में पुरस्कार प्राप्त कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. ग्लोबल एनर्जी एंड एनवायरनमेंट फाउंडेशन (जीइइएफ) द्वारा आयोजित यह पुरस्कार जल उद्योग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संगठनों को सम्मानित करने के लिए प्रदान किया जाता है. यह मंच जल, अपशिष्ट जल (वेस्ट वॉटर) एवं डिसेलिनेशन (लवण हटाने) क्षेत्रों में नवाचार, प्रौद्योगिकी, संरक्षण तथा सतत विकास से संबंधित उल्लेखनीय उपलब्धियों और पहलों को पहचान देने और प्रोत्साहित करने का कार्य करता है. (नीचे भी पढ़ें)

इस अवसर पर टाटा स्टील यूआइएसएल ने टाउनशिप में सीवेज ट्रीटमेंट, जल पुनर्चक्रण (रीसाइक्लिंग) एवं पुनः उपयोग (रीयूज) की अपनी सफल यात्रा को प्रस्तुत किया. कंपनी ने अपशिष्ट जल के अधिकतम पुनर्चक्रण और उसके औद्योगिक एवं उद्यानिकी (हॉर्टिकल्चर) कार्यों में पुनः उपयोग के माध्यम से जल तटस्थता (वाटर न्यूट्रैलिटी) बनाए रखने तथा नदी से ताजे जल की निकासी को प्रभावी रूप से कम करने की दिशा में किए गए प्रयासों को प्रदर्शित किया. इसके अतिरिक्त, टाटा स्टील एवं टाटा स्टील यूआइएसएल द्वारा अपशिष्ट जल प्रबंधन के क्षेत्र में अपनाई गई विभिन्न श्रेष्ठ प्रथाएं संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजीएस) के अनुरूप हैं, जिनमें प्रमुख रूप से लक्ष्य 6 – स्वच्छ जल एवं स्वच्छता, लक्ष्य 9 – उद्योग, नवाचार एवं अवसंरचना, लक्ष्य 11 – सतत शहर एवं समुदाय तथा लक्ष्य 12 – जिम्मेदार उपभोग एवं उत्पादन शामिल हैं.




