जमशेदपुर : श्री श्री चित्रगुप्त पूजा समिति, टेल्को सबुज कल्याण संघ की आवश्यक बैठक शनिवार को आमबगान मैदान, टेल्को में आयोजित हुई. बैठक में आगामी चित्रगुप्त पूजा के आयोजन को लेकर विभिन्न एजेंडों पर विस्तार से चर्चा हुई. इस दौरान समिति के पुनर्गठन के साथ संगठन को और मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया. सदस्यों ने कहा कि मजबूत संगठन और आपसी समन्वय के माध्यम से पूजा आयोजन को अधिक व्यवस्थित और भव्य बनाया जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)

पुनर्गठन के क्रम में सर्वसम्मति से प्रकाश सहाय को समिति का अध्यक्ष, राजीव शरण को महासचिव और पंकज सिन्हा को कोषाध्यक्ष बनाया गया. वहीं दिवाकर सिन्हा को उपाध्यक्ष, चंदेश्वर प्रसाद को सह कोषाध्यक्ष तथा अरविंद श्रीवास्तव को संरक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई. समिति में कुछ नए सदस्यों को भी शामिल किया गया, ताकि संगठन का विस्तार हो और आगामी कार्यक्रमों को बेहतर तरीके से संचालित किया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
अध्यक्ष बनने पर प्रकाश सहाय को समिति के सदस्यों ने शॉल एवं फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया. बैठक में संगठन की एकजुटता बनाए रखने, अधिक से अधिक लोगों को समिति से जोड़ने तथा पूजा आयोजन की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर भी विचार-विमर्श किया गया. समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग और सामूहिक प्रयास से चित्रगुप्त पूजा को सफल बनाने के साथ सामाजिक गतिविधियों को भी गति दी जाएगी.




