जमशेदपुर : पूर्व सीएम रघुवर दास ने भाई-बहन के अटूट प्यार के पर्व रक्षाबंधन के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कह – यह प्रेम का पर्व है. हम लोग संकल्प लें कि नारी के सशक्तीकरण और उनकी रक्षा करने के लिए हम सदैव तैयार रहेंगे. उक्त बातें उन्होंने शुक्रवार को एग्रिको स्थित अपने आवास पर बहनों से राखी बंधवाने के अवसर पर कहीं. उन्होंने कहा कि उनकी तीन बहने थीं, इनमें बड़ी बहन का निधन दो-तीन साल पहले हो गया. आज हमारा पूरा परिवार यहां उपस्थित है. उन्होंने कहा कि आज जिस स्थान तक उनका परिवार पहुंचा है, उसमें बड़ी बहन के अलावा मां का सबसे अधिक योगदान रहा है. उन्होंने बताया कि इमरजेंसी के समय वे बड़ी बहन के यहां ही जाकर छिपते थे. उन्होंने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि नारी संरक्षण और सुरक्षा के लिए कानून तो पहले से बने हैं, उन्हें सही रूप में लागू करने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि नारियां मां दुर्गा, मां काली, मां लक्ष्मी का स्वरूप हैं, हम उनकी पूजा करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

श्री दास ने कहा कि नारी को आज हमें आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से सशक्त करने की जरूरत है और इसके लिए हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नारियों को 33% आरक्षण देने के लिए कटिबद्ध हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष इसमें सहयोग नहीं कर रहा है, लेकिन हमारे प्रधानमंत्री नारी सशक्तीकरण के लिए 33% आरक्षित करवाएंगे. आज महिलाएं खेल में, सेना में और बॉर्डर के साथ ही हर क्षेत्र में आगे बढ़कर कार्य कर रही हैं. इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की दोनों बहनों के अलावा आसपास की कई महिलाओं ने भी उन्हें राखियां बांधी. इस अवसर पर महामंडलेश्वर साध्वी अमरजीत नंद गिरि ने भी रघुवर दास को राखी बांधी. दूसरी ओर रघुवर दास की बहू एवं जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू ने भी कई लोगों को राखी बांधी.




