जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के घोड़ाबांधा में सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां 45 वर्षीय फूलचंद उर्फ सोना प्रमाणिक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव कुएं में मिला है. जहां मृतक के बड़े भाई ने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. आशुतोष बरुआ ने बताया कि तीन दिन से फूलचंद घर से बाहर नहीं निकला था. सोमवार को इसकी सूचना ग्रामीणों ने फूलचंद के भाई को दी. जब वे घर पहुंचे तो घर का मुख्य द्वार खुला था. (नीचे भी पढ़ें)
खोजबीन करने पर कुएं में तैरता हुआ शव देखा गया. उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी. प्राप्त जानकारी अनुसार मृतक कुछ साल पहले किसी महिला के साथ रहता था. वह भी नशे के कारण उसे छोड़कर चली गई. तब से वह अकेले ही घर पर रहता था. वह ड्राइवर था और नशे का आदी था. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और यह आत्महत्या है या हत्या इसकी तफ्तीश में जुट गई है.







