चक्रधरपुर: टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत बंदगांव प्रखंड के कराईकेला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यशाला का आयोजन किया गया. जहां, चक्रधरपुर के अनुमंडल भूमि सुधार उपसमाहर्ता (एलआरडीसी) अनिल कुमार सिंह ने छह टीबी मरीजों को गोद लिया. उन्होंने सभी मरीजों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए नियमित रूप से दवा लेने और पौष्टिक आहार का सेवन करने की आवश्यकता पर जोर दिया.गोद लिए गए छह टीबी मरीजों को पोषण किट भी उपलब्ध कराया गया. कार्यक्रम में टीबी के उपचार में नियमित दवा के साथ पर्याप्त पोषण पर जोर दिया गया. मरीजों को समय पर दवा लेने, पौष्टिक भोजन करने और चिकित्सकों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई.(नीचे भी पढ़े)
साथ ही पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी अधिकारियों एवं आम लोगों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को गोद लेने और उनके उपचार एवं पोषण में सहयोग करने की अपील की गई. स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से टीबी मरीजों को आवश्यक पोषण एवं सहयोग उपलब्ध कराकर जिले को टीबी मुक्त बनाने के लक्ष्य को हासिल करना है. कार्यक्रम में एसटीएस गोवर्धन पिंगुआ, एमपीडब्ल्यू नितेश कुमार मंडल, भीम पुरी, ऋतिक बोदरा और सुखलाल बोदरा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे.




