चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टेंथ माइल स्टोन होटल में हुए गोलीकांड का सफलतापूर्वक उद्भेदन करने और मामले में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम के 26 सदस्यों को सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

मामले के त्वरित और प्रभावी अनुसंधान में उल्लेखनीय योगदान देने वाली टीम के सभी 26 पुलिसकर्मियों को चाईबासा के पुलिस उप-महानिरीक्षक, जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक तथा सरायकेला खरसावां के पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया. (नीचे भी पढ़ें)

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने टीम की कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई की सराहना की. पुलिस उप-महानिरीक्षक ने मामले के अनुसंधान के दौरान साक्ष्य संकलन, अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी, उनकी संपत्ति का आकलन तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर की गई कार्रवाई की जानकारी देते हुए पुलिस टीम की भूमिका को सराहनीय बताया. (नीचे भी पढ़ें)

अधिकारियों ने कहा कि गंभीर आपराधिक मामलों के त्वरित उद्भेदन में वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों के संग्रह और विभिन्न पुलिस इकाइयों के बेहतर समन्वय की अहम भूमिका होती है. टेंथ माइल स्टोन होटल गोलीकांड के सफल उद्भेदन में शामिल पुलिसकर्मियों के प्रयासों को इसी क्रम में सम्मानित किया गया.




