जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र के न्यू ग्वाला बस्ती में घर में घुसकर मारपीट, चाकू से हमला करने और नकदी-आभूषण लूटने का मामला सामने आया है. इस संबंध में बस्ती निवासी सब्जी विक्रेता दिनेश साह ने सोनारी थाना में शिकायत देकर एक महिला, उसके बेटे कुंदन साह और बेटी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है. शिकायत के अनुसार, दिनेश साह शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे अपने गांव सिवान से सोनारी स्थित घर पहुंचे थे और नहाने की तैयारी कर रहे थे. इसी दौरान उक्त महिला, कुंदन साह और उसकी बेटी कथित तौर पर घर में घुस आए. (नीचे भी पढ़ें)

आरोप है कि महिला के कहने पर कुंदन साह ने चाकू मंगवाया और उससे दिनेश साह के गले, हाथ और कान पर हमला कर दिया. इसके बाद लकड़ी से उनकी कमर और पीठ पर भी वार किया गया. आरोपियों ने उनकी स्कूटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. दिनेश ने शिकायत में आरोप लगाया है कि महिला ने उनकी पत्नी के हाथ में दांत से काटकर घायल कर दिया. इसके बाद उसके कान से सोने का टॉप समेत दो छोटे सोने के आभूषण और दो चांदी के आभूषण ले लिए गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.




