जमशेदपुर: जमशेदपुर के जुगसलाई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 17.274 किलो गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. बरामद गांजे की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक आईफोन भी बरामद किया है.पुलिस के अनुसार, 25 सितंबर की देर रात वरीय पुलिस अधीक्षक को आरपीएफ टाटानगर के सहयोग से सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति बैग और सूटकेस लेकर जुगसलाई के घोड़ा चौक की ओर जा रहा है. सूचना के आधार पर एसएसपी के आदेश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन और डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने घोड़ा चौक के पास संदिग्ध युवक को काले रंग के सूटकेस और फिरोजी रंग के पिट्ठू बैग के साथ पकड़ा.(नीचे भी पढ़े)
तलाशी के दौरान सूटकेस से भूरे रंग के प्लास्टिक में लिपटे 14 पैकेट गांजा और बैग से 3 पैकेट गांजा बरामद हुआ. कुल 17 पैकेट का वजन 17.274 किलो पाया गया.गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनीष यादव (22 वर्ष) के रूप में हुई है. वह बिहार के भोजपुर जिले के आरा थाना क्षेत्र के ग्राम बारा, पोस्ट खजुरिया का रहने वाला बताया गया है. पुलिस ने उसके खिलाफ जुगसलाई थाना कांड संख्या 79/2026, दिनांक 26 सितंबर 2026, धारा 20(बी)(ii)(बी)/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है.पुलिस मामले में गांजा की सप्लाई और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने के लिए अनुसंधान कर रही है.





