बहरागोड़ा : प्रखंड में आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं की समस्याओं का समाधान नहीं होने से उनमें आक्रोश बढ़ता जा रहा है. मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय परिसर में आंगनवाड़ी संघ की बैठक हुई. बैठक में प्रशासनिक उपेक्षा और वित्तीय अनियमितताओं के खिलाफ रोष जताते हुए सेविकाओं और सहायिकाओं ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) को ज्ञापन सौंपा. साथ ही लंबित मांगों को पूरा करने के लिए प्रशासन को अल्टीमेटम दिया. बैठक में सेविकाओं ने कहा कि विभाग की ओर से पिछले कई महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है. इसके अलावा पोषाहार की राशि, मोबाइल फोन रिचार्ज का पैसा और आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन का किराया भी लंबित है. भुगतान नहीं होने के कारण सेविकाओं और सहायिकाओं को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उनके लिए परिवार का भरण-पोषण करने के साथ-साथ केंद्रों का संचालन करना भी मुश्किल हो गया है. (नीचे भी पढ़ें)
आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो वे 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली जाएंगी. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में आंगनवाड़ी केंद्रों का कामकाज ठप होने की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी. संघ ने प्रशासन से लंबित मानदेय, पोषाहार राशि, मोबाइल रिचार्ज और भवन किराये का जल्द भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की. सेविकाओं ने कहा कि लंबे समय से भुगतान लंबित रहने के कारण उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है, लेकिन उनकी समस्याओं पर अब तक अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया है. ज्ञापन सौंपने और विरोध जताने के दौरान वीणारानी दास, वनलता सेनापति, करमी सोरेन, लक्ष्मी टुटू, सिंगो हेंब्रम, पारुल प्रधान, तृप्ति मन्ना, सुमित्रा साऊ, जयंती साऊ, भारती सिंह, छवि रानी दे और रीना नायक समेत पूरे प्रखंड की आंगनवाड़ी सेविकाएं और सहायिकाएं मौजूद रहीं.








