जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के परसुडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन की सूचना पर कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से अलग-अलग कागज की पुड़ियों में रखा ब्राउन शुगर जैसा मादक पदार्थ बरामद किया है. सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि मामले में शामिल अन्य संदिग्धों की तलाश में छापामारी जारी है. पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि परसुडीह थाना क्षेत्र में ब्लॉक के पीछे स्थित अनाज गोदाम के पास पांच व्यक्ति ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री और सेवन कर रहे हैं. सूचना मिलने के बाद वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया और मामले के सत्यापन तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए छापेमारी टीम का गठन किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

छापामारी के दौरान पुलिस ने गौतम कुमार सिंह (28), शिवम कुमार सिंह (19), सूरज कुमार तिवारी (25), अमरजीत कुमार सिंह (23) और अजय यादव (37) को पकड़ा. इनमें पहले चार आरोपी परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं, जबकि अजय यादव छोटा गोविंदपुर का रहने वाला है. (नीचे भी पढ़ें)
पांचों के पास से अलग-अलग मात्रा में बरामदगी
पुलिस की तलाशी में गौतम कुमार सिंह के पास से 12 बैंगनी रंग की कागज की पुड़ियों में 1.68 ग्राम, शिवम कुमार सिंह के पास से 15 सादे कागज की पुड़ियों में 3.66 ग्राम, सूरज कुमार तिवारी के पास से 22 रंगीन कागज की पुड़ियों में 4 ग्राम, अमरजीत कुमार सिंह के पास से 17 रंगीन कागज की पुड़ियों में 3.18 ग्राम और अजय यादव के पास से 14 सफेद कागज की पुड़ियों में 3.24 ग्राम ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, बरामद पदार्थ का कुल वजन कागज सहित 15.76 ग्राम है. (नीचे भी पढ़ें)
मनजीत से ब्राउन शुगर मिलने की बात कही
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान पकड़े गए लोगों ने बताया कि परसुडीह निवासी उनका दोस्त मनजीत उन्हें ब्राउन शुगर लाकर देता था. पुलिस इस संबंध में आगे की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश में छापामारी की जा रही है. परसुडीह थाना प्रभारी राजेन्द्र कुमार मुंडा के लिखित बयान के आधार पर परसुडीह थाना में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है. मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 17(ए), 21(ए), 22(ए) और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज हुई है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.








