जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के प्रमथनगर स्थित विवेकानंद क्लब में दुर्गापूजा के दौरान मारपीट की घटना के बाद बुधवार शाम तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई. घटना से नाराज क्लब के सदस्यों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए मूर्ति विसर्जन रोक दिया. मामले में झामुमो के जिला महासचिव मानिक मल्लिक ने भी दूसरे पक्ष के लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने और पॉकेट से रुपये निकालने का आरोप लगाया है. क्लब के सदस्यों का आरोप है कि मानिक मल्लिक के साथ आए लोगों ने उनके साथ मारपीट की. इस दौरान लाठी-डंडे से हमला किया गया, जिसमें नारायण नंदी के सिर में चोट लगी. (नीचे भी पढ़ें)
उन्हें इलाज के दौरान चार टांके लगाए गए. घटना के विरोध में क्लब के सदस्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए और विसर्जन रोक दिया. वहीं, मानिक मल्लिक ने अपने आवेदन में बताया कि 21 अक्टूबर को शाम करीब पांच बजे हलुदबनी दुर्गापूजा विसर्जन के दौरान उन्हें गौरव घोष का फोन आया. गौरव ने क्लब के कुछ सदस्यों द्वारा मारपीट करने और दुकान का सामान फेंकने की जानकारी दी. इसके बाद वह जिला परिषद प्रतिनिधि होने के नाते घटनास्थल पर पहुंचे. मानिक का आरोप है कि वहां नरेन नंदी, देबु घोष और उनके आठ-दस साथियों ने उन पर लाठी-डंडे से हमला किया तथा पॉकेट से 2400 रुपये निकाल लिए. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि करनडीह स्थित आशीष होटल के पास नरेन नंदी, देबु घोष और 25-30 अन्य लोगों ने दोबारा उन पर हमला किया. किसी तरह उन्होंने अपनी जान बचाई. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की सूचना मिलने पर विधि-व्यवस्था पदाधिकारी अमित कुमार और परसुडीह थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा मौके पर पहुंचे. पुलिस ने लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन क्लब के सदस्य गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे. फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से आरोप लगाए गए हैं. मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई की जानकारी का इंतजार है.





