जमशेदपुर : टाटा स्टील के मार्केटिंग एंड सेल्स (एमएंडएस) विभाग में व्यावसायिक नैतिकता और नैतिक मानकों (बिजनेस एथिक्स) को बढ़ावा देने के उद्देश्य से नये विभागीय एवं क्षेत्रीय एथिक्स को-ऑर्डिनेटर्स (डीइसी व आरइसी) की नियुक्ति की गयी है. वाइस प्रेसिडेंट (मार्केटिंग एंड सेल्स) आशीष अनुपम द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गयी है. जारी किये गये आदेश के तहत नियुक्त किये गये अधिकारी अपनी वर्तमान जिम्मेदारियों के साथ-साथ कर्मचारियों और अन्य हितधारकों (स्टेक होल्डर्स) के बीच ”टाटा कोड ऑफ कंडक्ट” के प्रति जागरुकता बढ़ाने तथा व्यावसायिक नैतिकता के प्रबंधन को लागू करने का कार्य करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
इस नयी व्यवस्था के तहत केशिका भगत को मार्केटिंग क्षेत्र के लिए डिपार्टमेंटल एथिक्स को-ऑर्डिनेटर और मनिंदर सिंह को एसपीएंडए, एमएस एंड सीएक्स क्षेत्र के लिए डिपार्टमेंटल एथिक्स को-ऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है. वहीं, विभिन्न क्षेत्रों के लिए रीजनल एथिक्स को-ऑर्डिनेटर्स की जिम्मेदारी सौंपी गयी है, जिनमें हेमंत अग्रवाल को पूर्वी क्षेत्र, अभिषेक अग्रवाल को पश्चिमी क्षेत्र, जगन्नाथ प्रसाद मिश्रा को उत्तरी क्षेत्र तथा डोल्फी सिंगला को दक्षिणी क्षेत्र का दायित्व दिया गया है. कंपनी प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी भी कर्मचारी या हितधारक को किसी प्रकार की नैतिक दुविधा, समस्या या शिकायत हो, तो वे सीधे इन नियुक्त अधिकारियों से उनके आधिकारिक संपर्क विवरण के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं.





