जमशेदपुर : बागबेड़ा बड़ौदा घाट स्थित रेलवे को-ऑपरेटिव सोसाइटी के श्रीश्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति के परिसर में लायंस क्लब ऑफ यूनिटी जमशेदपुर के सौजन्य से 50 जरूरतमंद बच्चों के बीच निःशुल्क स्कूल बैग वितरित किए गए. इस सामाजिक पहल का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनकी पढ़ाई में सहयोग प्रदान करना था. कार्यक्रम में लायंस क्लब ऑफ यूनिटी जमशेदपुर के अध्यक्ष लायंस पीएमजेएफ धर्मेंद्र सिंह, सचिव लायंस उपेंद्र प्रसाद, लायंस गणेश गुप्ता, लायंस गौरव बच्चन, लायंस आरती एवं लायंस सुमन सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित थे. (नीचे भी पढ़ें)
इस अवसर पर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष राम कुमार पांडेय ने लायंस क्लब की इस पुनीत पहल की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना समाज के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण की दिशा में एक सराहनीय कदम है. उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों को निरंतर जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया. पूजा समिति के सदस्यों ने बच्चों के चेहरे पर खुशी लाने और उनकी शिक्षा में सहयोग देने के लिए लायंस क्लब ऑफ यूनिटी जमशेदपुर के प्रति आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम में दुर्गा पूजा समिति के सभी पदाधिकारी उपस्थित थे. कार्यक्रम का संचालन राजेश कुमार ने किया. इस पहल ने समाज में सेवा, सहयोग और शिक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायक संदेश दिया.





