जमशेदपुर : दुर्गा पूजा के मद्देनजर जमशेदपुर शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने तथा अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए जमशेदपुर पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है. इसी क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के नेतृत्व में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेल्को थाना क्षेत्र में चोरी के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया. वहीं, ओलीडीह थाना क्षेत्र में मारपीट के आरोप में एक अन्य अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. (नीचे देखे पूरी खबर)

दोनों मामलों में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जमशेदपुर पुलिस अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार निगरानी रख रही है. पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है. जमशेदपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने, आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने तथा कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.





