जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के रामजन्म नगर में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. यहां एक भाई पर अपने ही छोटे भाई की चाकू मारकर हत्या करने का आरोप है. मृतक की पहचान 16 वर्षीय सनी के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. मिली जानकारी के अनुसार, मरीन ड्राइव, कदमा के पास हुई इस घटना में सनी पर चाकू से हमला किया गया. बताया जा रहा है कि उस पर आठ बार चाकू से वार किया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

गंभीर रूप से घायल सनी को तत्काल टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. कम उम्र में इस तरह की हिंसक घटना ने क्षेत्र के लोगों को स्तब्ध कर दिया है. फिलहाल, घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. घटना में शामिल लोगों की भूमिका और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है.





