जमशेदपुर : जमशेदपुर के बागुनहातु फुटबॉल मैदान में श्री श्री सार्वजनिक रावण दहन समिति द्वारा रावण दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस रावण दहन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले मौजूद थे जबकि विशिष्ट अतिथि के तौर पर सामाजिक कार्यकर्ता रत्नेश तिवारी मौजूद थे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रावण दहन समारोह में भाग लिया. पूरा वातावरण उत्सव, उल्लास और धार्मिक आस्था से सराबोर रहा. इस अवसर पर अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि विजयादशमी केवल रावण दहन का पर्व नहीं, बल्कि अपने भीतर छिपे अहंकार, क्रोध, द्वेष और बुराइयों को समाप्त करने का संकल्प लेने का अवसर भी है. भगवान श्रीराम का जीवन हमें सत्य, मर्यादा, न्याय और कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है. (नीचे भी पढ़ें)

आज आवश्यकता है कि हम समाज में व्याप्त असमानता, वैमनस्य और सामाजिक कुरीतियों रूपी रावण का अंत करने का संकल्प लें तथा प्रेम, सद्भाव और आपसी सहयोग के आधार पर एक सशक्त, समरस एवं एकजुट समाज का निर्माण करें. उन्होंने कहा कि विजयादशमी का वास्तविक संदेश तभी सार्थक होगा, जब हम अपने आचरण में सत्य और धर्म को अपनाएँ तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करें. रावण दहन के भव्य आयोजन ने लोगों में उत्साह और उल्लास का संचार किया। आतिशबाजी और रावण दहन के बीच उपस्थित श्रद्धालुओं ने बुराई पर अच्छाई की विजय का उत्सव मनाया तथा सुख, शांति, समृद्धि और सामाजिक सद्भाव की कामना की. बागुनहातू में समिति के संरक्षक अनुभव सिन्हा सहित शशि बीर राणा, लालटु डे, मछिन्दर निषाद, हरदीप सिंह, राजू कालिंदी, सुरेन्द्र दास, कमल नामता, पंचानन्द, दीपक कर्मकार, राजू लक्ष्मी कालिंदी एवं अन्य आयोजकों का योगदान रहा.





