जमशेदपुर : टाटा स्टील के कोल्ड रोलिंग मिल (सीआरएम) में एक सनकी युवक द्वारा लड़की पर किये गये हमले की जांच अब तक जारी है. घायल लड़की का इलाज टीएमएच में चल रहा है. पुलिस मामले की जांच तो कर रही है, लेकिन अब तक केस दर्ज नहीं हुआ है. इस मामले में टाटा स्टील की ओर से बयान जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि 20 अक्टूबर को सीआरएम इटीपी के मिल्स यूटिलिटी मैकेनिकल मेंटेनेंस (एमयूएमएम) के अंतर्गत मेसर्स जीएपीएसपीएल द्वारा नियुक्त एक महिला साइट सेफ्टी सुपरवाइजर के साथ हुई घटना को लेकर कंपनी बेहद चिंतित हैं. उक्त कर्मचारी को तुरंत ईस्ट प्लांट फर्स्ट एड सेंटर में प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में आगे के इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) भेज दिया गया. उनकी स्थिति स्थिर है और वे ठीक हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उनके ब्रेन का सीटी स्कैन नॉर्मल आया है, और फिलहाल उनके कंधे के दर्द की जांच की जा रही है. टीएमएच में उन्हें लगातार चिकित्सा देखभाल मिल रही है. इस घटना की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है और फिलहाल जांच चल रही है.





