जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा पंडाल के समीप एक युवक पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है. घटना 21 अक्टूबर 2026 की मध्यरात्रि करीब दो बजे ईसीसी फ्लैट स्थित दुर्गा पूजा पंडाल के पास की बताई जा रही है. हमले में रामजनम नगर निवासी राकेश कुमार वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया है, जहां वह सीसीयू-2 में उपचाररत हैं. इस संबंध में घायल की पत्नी पूजा देवी ने कदमा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है. (नीचे भी पढ़ें)

शिकायत के अनुसार, राकेश कुमार वर्मा दुर्गा पूजा मेला घूमने के बाद पंडाल के समीप बैठे थे. इसी दौरान सात से आठ लोग वहां पहुंचे और उनसे गाली-गलौज करते हुए विवाद करने लगे. आरोप है कि शुभम मिश्रा और अमित दुबे ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद शुभम ने चापड़ से हमला किया, जबकि अमित ने बंदूक के बट से वार किया. पूजा देवी का आरोप है कि विजय कलुआ, अमन रजक, कुणाल चप्पल और अविनाश उपाध्याय ने भी बांस और बेल्ट से उनके पति की पिटाई की. हमले में राकेश के सिर और पेट समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं. आरोपियों ने उन्हें मृत समझकर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद स्थानीय लोगों ने घायल को टीएमएच पहुंचाया. सूचना मिलने पर पत्नी अस्पताल पहुंचीं और बाद में कदमा थाना जाकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस की कार्रवाई के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.








