जमशेदपुर : जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती स्थित आवास रीजेंसी सोसाइटी में खुले पार्किंग क्षेत्र में गैरेज निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है. सोसाइटी के निवासियों ने एसएन. नंदी पर खुले पार्किंग क्षेत्र में फैब्रिकेशन और शेड निर्माण कराने का आरोप लगाया है. वहीं, निर्माण का विरोध करने पर महिलाओं के साथ कथित अभद्र व्यवहार और आपत्तिजनक टिप्पणी करने की शिकायत पुलिस से की गई है. निवासियों के अनुसार, संबंधित दस्तावेज में उक्त स्थान को खुले पार्किंग क्षेत्र के रूप में दर्शाया गया है. वहां शेड निर्माण नहीं किया जाना है. इसके बावजूद 27 अक्टूबर की सुबह मजदूरों को बुलाकर दोबारा निर्माण कार्य शुरू कराया गया. सूचना मिलने पर कदमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और निर्माण कार्य रुकवा दिया. (नीचे भी पढ़े)

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सोसाइटी के ए-ब्लॉक में रहने वाले उपेंद्र गिरि ने मौके पर मौजूद लोगों से कथित तौर पर कहा कि वे बंगाल बनाने की कोशिश कर रहे हैं. साथ ही, निर्माण का विरोध कर रही महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का भी आरोप लगाया गया है. इससे सोसाइटी के निवासियों में नाराजगी और तनाव है. निवासियों ने पुलिस से मामले की जांच, पार्किंग से संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन और दोनों पक्षों को थाना बुलाकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. साथ ही, विवाद का समाधान होने तक निर्माण रोकने तथा सोसाइटी में शांति और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है. शिकायत की प्रतिलिपि वरीय पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों को भी भेजी गई है.












