सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत बाकड़कुड़ी में श्री श्री दुर्गा पूजा कमिटी, बाकड़कुड़ी के तत्वावधान में आयोजित दुर्गा पूजा के अवसर पर भव्य रावण दहन कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस अवसर पर श्री महतो ने रावण के पुतले का दहन कर असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और बुराई पर अच्छाई की विजय का संदेश दिया. उन्होंने कहा कि दशहरा का पावन पर्व हमें याद दिलाता है कि अन्याय और अहंकार चाहे कितने भी शक्तिशाली क्यों न हों, अंततः विजय सत्य और धर्म की ही होती है. (नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम में स्थानीय लोगों एवं पूजा समिति के सदस्यों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही. उत्सव के माहौल में लोगों ने आपसी सौहार्द, सामाजिक एकता और सकारात्मक मूल्यों के साथ पर्व मनाया. ईंचागढ़ विधानसभा से आजसू के नेता रहे हरेलाल महतो हाल ही में भाजपा में शामिल हुए है. लेकिन वहां आजसू प्रमुख का रावण दहन कार्यक्रम में शामिल होना राजनीतिक तौर पर हो रहे बदलावों की ओर संकेत दे रहा है. इस रावण दहन में हजारों की भीड़ जुटती है.





