जमशेदपुर: सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के तत्वावधान में महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करने तथा दीपावली की खरीदारी के लिए लोगों को एक बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 26, 27 एवं 28 अक्टूबर को बिष्टुपुर स्थित चैंबर भवन में तीन दिवसीय दीपावली ट्रेड फेयर का आयोजन किया जा रहा है. मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक चलेगा. मेले में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा. मेले में कुम्हारों द्वारा हाथ से निर्मित मिट्टी के दीये, हस्तनिर्मित मोमबत्तियां, बेडशीट, कुर्ती, गृह सज्जा के सामान, लड्डू गोपाल की पोशाकें, आभूषण सहित दीपावली से संबंधित अनेक उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे. यह आयोजन महिला उद्यमियों एवं स्थानीय कारोबारियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर देने के साथ-साथ लोगों को स्थानीय बाजार से खरीदारी के लिए प्रोत्साहित करेगा. चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि दीपावली ट्रेड फेयर का उद्देश्य महिला उद्यमिता को बढ़ावा देना तथा स्थानीय व्यापार को नई ऊर्जा प्रदान करना है. उन्होंने शहरवासियों से अपने परिवार के साथ मेले में पहुंचकर महिला उद्यमियों एवं स्थानीय कारोबारियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की.(नीचे भी पढ़े)
चैंबर उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने कहा कि ऑनलाइन खरीदारी के बढ़ते प्रभाव के बीच स्थानीय बाजारों की रौनक लौटाना समय की आवश्यकता है. दीपावली ट्रेड फेयर के माध्यम से लोगों को विविध उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे. उन्होंने शहरवासियों से स्थानीय बाजारों से खरीदारी कर व्यापारियों एवं कारीगरों को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया. महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि चैंबर व्यापारिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और उपभोक्ताओं को बेहतर खरीदारी का अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है. यह ट्रेड फेयर दीपावली के उत्साह को बढ़ाने के साथ व्यापार और उद्यमिता को भी नई दिशा देगा. सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भरत मकानी ने कहा कि मेले में दीपावली से जुड़े पारंपरिक एवं आकर्षक उत्पादों की विविधता लोगों को एक ही स्थान पर खरीदारी की सुविधा प्रदान करेगी. उन्होंने शहरवासियों से मेले में भाग लेकर इस पहल को सफल बनाने की अपील की. मेले की कोऑर्डिनेटर कार्यसमिति सदस्य श्रीमती सुमन नागेलिया है.मेले के आयोजन में उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल,अभिषेक अग्रवाल गोल्डी, सचिव विनोद शर्मा,अंशुल रिंगसिया,सुरेश शर्मा एवं कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया विशेष रूप से सक्रिय है.





