जमशेदपुर : सरायकेला खरसावां जिले के नीमडीह में ट्रेन की चपेट में आने से 40 वर्षीय सुभाष गोराई की दर्दनाक मौत हो गई. सुभाष सुनने और बोलने में असमर्थ थे. ऐसे में ट्रेन के आने की आवाज सुनाई न देना उनके लिए जानलेवा साबित हुआ. मामला नीमडीह थाना क्षेत्र के सांगड़िया गांव का है, जहां गुरुवार को ट्रेन की चपेट में आने से सुभाष गोराई की मौत हो गई. (नीचे देखे पूरी खबर)

मृतक के बड़े भाई से मिली जानकारी के मुताबिक, सुभाष पास में बन रही एक नई कंपनी को देखने गए थे. इसी दौरान रेलवे लाइन पार करते समय उन्हें ट्रेन के आने का पता नहीं चला और वह ट्रेन की चपेट में आ गए. घटना के बाद परिवार को इसकी सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन उन्हें लेकर एमजीएम अस्पताल पहुंचे. हालांकि, उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी. शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है और शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा. इस घटना ने एक बार फिर रेलवे लाइन पार करते समय सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है. रेलवे लाइन पार करते समय हमेशा सतर्क रहें और सुरक्षित रास्ते का ही इस्तेमाल करें.





