जमशेदपुर/पुरी: ओडिशा के पुरी जिले में अपनी मां की हत्या कर शव को रसोई घर में दफनाने वाला बेटा जमशेदपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी की पहचान 40 वर्षीय मदन गजानन दलई के रूप में हुई है. उसे 57 दिन बाद जमशेदपुर से गिरफ्तार किया गया है. वह टाटानगर रेलवे स्टेशन के पास एक नाश्ते की दुकान पर मजदूरी कर रहा था. जानकारी के अनुसार, महिला का शव 24 अगस्त को उस समय बरामद किया गया जब पुरी के कुंभारपाड़ा इलाके में स्थित मकान के स्वामी ने एक बंद कमरे से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचित किया. यह मकान गजपति जिले के मूल निवासी मदन गजानन दलेई (40) और उसकी मां अन्नपूर्णा द्वारा किराए पर लिया गया था. (नीचे भी पढ़ें)
हत्या के बाद शव छिपाने का आरोप
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, आरोपी अपनी मां के साथ पिछले पांच-छह महीनों से किराये के मकान में रह रहा था. आरोप है कि मां की हत्या करने के बाद उसने शव को रसोई में दफना दिया और उसके ऊपर सीमेंट की परत चढ़ा दी, ताकि वारदात छिपी रहे. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था. उसकी तलाश में पुलिस ने कई राज्यों में छापेमारी की. तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड की मदद से पुलिस को उसके जमशेदपुर में होने का सुराग मिला. हालांकि, हत्या के वास्तविक कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत पुष्टि पुलिस जांच से होगी.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.





