जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना चौक से पारडीह चौक के बीच स्थित लगभग 13 एकड़ सरकारी जमीन पर कचरा हटाकर सार्वजनिक खेल मैदान विकसित करने की मांग तेज हो गई है. जन विकास मंच के अध्यक्ष सौरभ विष्णु के नेतृत्व में स्थानीय कॉलोनियों और बस्तियों के प्रतिनिधियों ने वसुंधरा एस्टेट पहुंच मार्ग पर सभा कर तीन सूत्री संकल्प पारित किया. संवाददाता सम्मेलन में इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि पहले जमीन से कचरा पूरी तरह हटाया जाए, उसके बाद ही इसके भविष्य के उपयोग पर निर्णय लिया जाए. संकल्प के तहत जमीन पर जमा कचरे को फैलाने, दबाने या जलाने के बजाय वैज्ञानिक तरीके से पूरी तरह हटाने और मिट्टी की जांच के बाद भूमि को सुरक्षित घोषित करने की मांग की गई. साथ ही, जमीन के उपयोग पर अंतिम निर्णय से पहले स्थानीय निवासियों से जन-परामर्श करने तथा यहां निःशुल्क सार्वजनिक खेल मैदान और अन्य जन-सुविधाएं विकसित करने की मांग उठाई गई. (नीचे भी पढ़ें)

सौरभ विष्णु ने केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के फरवरी 2019 के दिशानिर्देशों का हवाला देते हुए कहा कि साफ किए गए पुराने कचरा स्थलों पर कम से कम 15 वर्षों तक आवासीय निर्माण की अनुमति नहीं है. उन्होंने बताया कि दिशानिर्देशों में खेल मैदान, खुले स्टेडियम, पार्क और उद्यान जैसे उपयोगों का भी उल्लेख है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में हजारों परिवार रहते हैं और बच्चों व युवाओं के लिए सार्वजनिक खेल मैदान की कमी है. राष्ट्रीय हरित अधिकरण के 23 सितंबर 2026 के आदेश का पालन सुनिश्चित करने की मांग करते हुए प्रतिनिधियों ने उपायुक्त को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपने और घर-घर सर्वे शुरू करने की जानकारी दी. सौरभ विष्णु ने कहा कि पहले सफाई, फिर डिमना तय करे. सभा में सुमन शर्मा, दीपक, संदीप, पंकज तिवारी, बबलू सिंह सहित कई स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित थे.





