चाकुलिया: चाकुलिया पुराना बाजार स्थित बिरसा चौक पर शुक्रवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई)चाकुलिया शाखा के सचिव सरकार किस्कू के नेतृत्व में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो और लोकतंत्र से खिलवाड़ बंद करो जैसे नारे लगाते हुए पुतला दहन किया. मौके पर मौजूद ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन झारखंड राज्य सचिव सह भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के झारखंड राज्य परिषद सदस्य विक्रम कुमार ने कहा कि देश में लोकतंत्र की मजबूती के लिए चुनाव आयोग की निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही बेहद जरूरी है. जब जनता के मन में चुनाव प्रक्रिया को लेकर सवाल उठते हैं, तो उन सवालों का जवाब देना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है.(नीचे भी पढ़े)
उन्होंने कहा कि आज देश का नौजवान, छात्र और आम नागरिक अपने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठा रहा है. लोकतंत्र केवल चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि चुनाव प्रक्रिया पर जनता का भरोसा कायम रहे. विक्रम कुमार ने आगे कहा कि हमारा विरोध किसी व्यक्ति से व्यक्तिगत दुश्मनी के कारण नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग को लेकर है. हम मांग करते हैं कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच हो, जनता के सवालों का जवाब दिया जाए और चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर लोगों का भरोसा कायम किया जाए. जब तक इन गंभीर सवालों का संतोषजनक समाधान नहीं होता, तब तक मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की हमारी मांग जारी रहेगा. इस मौके पर महेश बेसरा, विक्रम कुमार सिंह, राजु डेबो, मसाल किस्कू, चुनाराम किस्कू, विशाल सिंह, सौरव राज, बुधराय मुर्मू, महेश्वर टुडू, बप्पा टुडू, सर्जन किस्कू, रोहित कुमार, रंजीत सिंह समेत अन्य उपस्थित थे.





