जमशेदपुर : न्युवोको विस्टास कॉर्प लिमिटेड ने 30 सितंबर को समाप्त वित्तीय वर्ष 2026-2027 की दूसरी तिमाही (जुलाई से सितंबर 2026 तक) के वित्तीय नतीजे घोषित किए. कंपनी ने इस अवधि में 4.7 मिलियन टन (एमएमटी) की सीमेंट बिक्री मात्रा हासिल की, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही की तुलना में 9 प्रतिशत अधिक है. कंपनी का समेकित राजस्व सालाना आधार पर 13.5 प्रतिशत बढ़कर 2,790 करोड़ रुपये हो गया. कंपनी का एबिटिडा (कर भुगतान से पूर्व की आमदनी) 11 प्रतिशत बढ़कर 411 करोड़ रुपये पहुंच गया, जबकि कर के बाद मुनाफा (सभी देनदारी व कर भुगतान के बाद का मुनाफा) में 78 प्रतिशत की सालाना वृद्धि दर्ज की गई और यह 65 करोड़ रुपये रहा. तिमाही के दौरान न्युवोको ने सूरत के लिमला में 2 एमएमटीपीए क्षमता वाली ग्राइंडिंग इकाई शुरू की. इससे पश्चिमी भारत में कंपनी की उपस्थिति मजबूत होगी और क्षेत्रीय बाजारों में सीमेंट की आपूर्ति क्षमता बढ़ेगी. (नीचे भी पढ़ें)
कंपनी ने राजस्थान में 46.4 मेगावाट की पवन-सौर हाइब्रिड नवीकरणीय ऊर्जा परियोजना के लिए क्लीनमैक्स के साथ साझेदारी भी की है. इसके चालू होने पर प्रतिवर्ष लगभग 10 करोड़ यूनिट नवीकरणीय बिजली उत्पादन होने की उम्मीद है. इससे ऊर्जा लागत नियंत्रित करने और पारंपरिक बिजली स्रोतों पर निर्भरता घटाने में मदद मिलेगी. इस संबंध में न्युवोको के प्रबंध निदेशक जयकुमार कृष्णास्वामी ने कहा कि भारी बारिश, आपूर्ति शृंखला में व्यवधान और बढ़ती इनपुट लागत जैसी चुनौतियों के बावजूद कंपनी ने मजबूत प्रदर्शन किया. उन्होंने प्रीमियम उत्पादों की हिस्सेदारी बढ़ाने, परिचालन दक्षता सुधारने और विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर कंपनी के फोकस को दोहराया. कंपनी ने वित्त वर्ष 2028 तक अपनी सीमेंट उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 35 एमएमटीपीए करने का लक्ष्य रखा है.








