रांची / जमशेदपुर : कोल्हान समेत पूरे झारखंड में एक बार फिर मौसम बदलने के आसार है. इसका कारण बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही मौसमी प्रणाली है. इस प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और अधिक प्रभावी होने के आसार हैं. इसके अतिरिक्त उत्तर बांग्लादेश और पूर्वोत्तर झारखंड के आसपास भी समुद्र तल से करीब 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इन मौसमी प्रणालियों के प्रभाव से झारखंड के मौसम में बदलाव होने की संभावना है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार 25 अक्टूबर तक मौसम साफ रहेगा. 26 अक्टूबर से बादलों की आवाजाही रहेगी. 27 अक्टूबर से आसमान में आंशिक बादल छाये रहेंगे. 28 और 29 अक्टूबर को राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. (नीचे भी पढ़ें)
27 अक्टूबर से बदलेगा मौसम : मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 27 अक्टूबर से आंशिक बादल छाये रहेंगे. इस दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं. गुलाबी ठंड के आगाज के कारण सुबह और रात के समय मौसम में हल्की ठंडक महसूस होगी. (नीचे भी पढ़ें)
28 और 29 अक्टूबर को इन इलाकों में बारिश : झारखंड में 27 अक्टूबर से मौसम में बदलाव के संकेत हैं. सुबह से ही आंशिक बादल छाये रहने के संकेत है. इस दिन राज्य के पूर्वी, दक्षिण और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है. 28 और 29 को इसके और गहरे होने की संभावना है. 28 को राज्य के दक्षिण और इनसे सटे मध्य भागों (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसांवा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद) में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताई गई है. वहीं 29 अक्टूबर को राज्य के दक्षिण, मध्य और उत्तर-पश्चिमी भागों (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसांवा, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार) में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी कर दिया है.








