जमशेदपुर : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने झारखंड प्रदेश कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक का दीप प्रज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया. वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष के अध्यक्ष पद संभालने के बाद यह पहली प्रदेश कार्यसमिति बैठक है, जिसका उद्घाटन स्वयं राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया. धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पावन धरती पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का अभिनंदन करते हुए भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि नितिन नबीन के संबोधन ने प्रदेश भर से आए कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, उत्साह और संगठन के प्रति समर्पण का संचार किया. (नीचे भी पढ़ें)

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि सभी को मिलकर झारखंड में भारतीय जनता पार्टी को नई ऊर्जा, नए उत्साह और नई उमंग के साथ खड़ा करना है. उन्होंने झारखंड के कार्यकर्ताओं की संगठनात्मक क्षमता पर विश्वास जताते हुए कहा कि राज्य में संगठन की ताकत को कोई कम करके नहीं आंक सकता. उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जिस झारखंड को हमने बनाया है, उसे संवारेंगे भी हम ही. यह संकल्प झारखंड के विकास, संगठन की मजबूती और जनसेवा के प्रति कार्यकर्ताओं के दायित्व को रेखांकित करता है. नितिन नबीन ने दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को एक मिशन के रूप में लेने का आह्वान करते हुए कहा कि बैठक में उठाई गई प्रत्येक बात और निर्धारित राजनीतिक मुद्दों को कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता के बीच ले जाना हमारा संकल्प होना चाहिए. इसके लिए सक्रियता, संवाद और संगठन में कार्यकर्ताओं के साथ संबंधों को और बेहतर बनाते हुए जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की आवश्यकता है. (नीचे भी पढ़ें)

राष्ट्रीय अध्यक्ष के संबोधन के दौरान पूरा सभागार करतल ध्वनि, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंज उठा. प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ताओं ने उत्साह, एकजुटता और संकल्प के साथ बैठक में भाग लिया. अमरप्रीत सिंह काले ने कहा कि भाजपा की संगठनात्मक शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं. राष्ट्र निर्माण, जनसेवा और झारखंड के सर्वांगीण विकास में कार्यकर्ताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. राष्ट्रीय अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं पर विश्वास और उनका मार्गदर्शन संगठन को सक्रियता, संवाद और जनसंपर्क के नए आयामों की ओर प्रेरित करता है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति की यह बैठक संगठनात्मक संकल्पों को धरातल पर उतारने का माध्यम बनेगी. बैठक में तय राजनीतिक मुद्दों और जनहित से जुड़े विषयों को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी सक्रियता और प्रतिबद्धता से करना होगा. अमरप्रीत सिंह काले ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में प्रदेश संगठन को निश्चित रूप से नई दिशा मिलेगी और कार्यकर्ता संगठन को मजबूत करने तथा जनसेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए नई ऊर्जा के साथ जुटेंगे.





