रांची : भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश की दो दिवसीय कार्यसमिति बैठक के द्वितीय सत्र में विश्व पटल पर उभरता भारत : सेवा एवं नेतृत्व के 25 वर्ष शीर्षक से प्रस्तावित राजनीतिक प्रस्ताव 01 को पटल पर रखा गया. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता अर्जुन मुंडा ने राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया. जबकि राजनीतिक प्रस्ताव का केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी तथा सांसद विद्युतवरण महतो द्वारा अनुमोदन किया गया. इसके पश्चात कार्यसमिति बैठक में उपस्थित प्रदेश पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों, पूर्व मुख्यमंत्रियों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों एवं कार्यसमिति के सदस्यों ने एक स्वर में प्रस्ताव का समर्थन करते हुए इसे सर्वसम्मति से पारित किया. इस प्रस्ताव के शीर्षक के माध्यम से सेवा, नेतृत्व और वैश्विक पटल पर भारत के उभार के 25 वर्षों की यात्रा को रेखांकित किया गया है. राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता के प्रतीक हैं. 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने से लेकर देश के प्रधानमंत्री के रूप में नेतृत्व करने तक की उनकी यात्रा देश के लिए प्रेरणादायी है. उनके नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा, आर्थिक एवं सामरिक शक्ति और अंतरराष्ट्रीय प्रभाव में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विकसित भारत-2047 का संकल्प तभी पूरा होगा, जब प्रत्येक राज्य विकसित भारत के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभाएगा. अर्जुन मुंडा ने प्रस्ताव में केंद्र सरकार की गरीब कल्याण योजनाओं, महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रीय सुरक्षा, बुनियादी ढांचे के विस्तार, डिजिटल विकास और किसानों, युवाओं एवं वंचित वर्गों के कल्याण के लिए किए गए कार्यों का उल्लेख किया. उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम, श्रीराम मंदिर निर्माण, नई शिक्षा नीति तथा नक्सलवाद के विरुद्ध कार्रवाई को भी महत्वपूर्ण कदम बताया. श्री मुंडा ने कहा कि भाजपा ने जनजातीय समाज के सम्मान, सांस्कृतिक संरक्षण और विकास को प्राथमिकता दी है. भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित करने, पीएम के उलिहातू दौरे, रांची में स्वतंत्रता सेनानी संग्रहालय के निर्माण, पीएम-जनमन, धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान तथा एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के विस्तार जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने जनजातीय नायकों की विरासत को राष्ट्रीय पहचान देने का उल्लेखनीय पहल बतलाया. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने झारखंड के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष लगाव का उल्लेख करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना का शुभारंभ रांची से होना राज्य के लिए महत्वपूर्ण अवसर था. देवघर एम्स, देवघर हवाई अड्डा, सिंदरी उर्वरक कारखाने का पुनरुद्धार, सड़क एवं रेल नेटवर्क का विस्तार, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन, गरीब कल्याण अन्न योजना और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं ने राज्य में विकास के नए अवसर उपलब्ध कराए हैं. उन्होंने खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास के लिए जिला खनिज फाउंडेशन के माध्यम से उपलब्ध कराए गए संसाधनों का भी उल्लेख किया. राजनीतिक प्रस्ताव में अर्जुन मुंडा ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर राज्य को विकास की पटरी से उतारने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग राज्य की खुशहाली, रोजगार सृजन और जनकल्याण के लिए होना चाहिए. प्रस्ताव में कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों की एसआईआर संबंधी राजनीति की आलोचना करते हुए संवैधानिक संस्थाओं के प्रति विश्वास बनाए रखने की बात कही गई. साथ ही प्रस्ताव में पश्चिम बंगाल, दिल्ली, ओडिशा, असम और बिहार में भाजपा को मिले जनसमर्थन के लिए मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया. अंत में कार्यसमिति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की जनसेवा पूर्ण करने पर बधाई देते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की. साथ ही विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को साकार करने, विकसित झारखंड के निर्माण, सुशासन, भ्रष्टाचार के विरुद्ध संघर्ष, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया गया. (नीचे भी पढ़ें)

राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने राजनीतिक प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए महिला सशक्तिकरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किए गए प्रयासों एवं योजनाओं की सराहना की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच से देश की महिलाएं और बेटियां सभी क्षेत्रों में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं. वहीं, जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो ने प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने झारखंड के प्रति प्रधानमंत्री के विशेष लगाव और राज्य के सर्वांगीण विकास की प्रतिबद्धता की भी सराहना की. (नीचे भी पढ़ें)

राज्य सरकार पिछड़ा आयोग को अविलम्ब ट्रिपल टेस्ट कराने का आदेश दे : रघुवर दास
कार्यसमिति की बैठक के द्वितीय सत्र में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बैठक को सम्बोधित करते हुए राज्य में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव ट्रिपल टेस्ट होने के बाद ही सम्पन्न कराए जाने की मांग की. श्री दास ने राज्य में पंचायत चुनाव ओबीसी आरक्षण सुनिश्चित किये जाने के बिना कराये जाने का विरोध किया. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने पंचायत चुनाव कराने से पहले ट्रिपल टेस्ट कराने की वकालत की थी. उन्होंने राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अभी तक राज्य सरकार कुम्भकर्णी निंद्रा से नहीं जगी है. उन्होंने राज्य सरकार से मांग करते हुए कहा कि सरकार अविलम्ब कैबिनेट की बैठक बुलाकर पिछड़ा आयोग को ट्रिपल टेस्ट कराने का आदेश दे. उन्होंने अप्रैल तक राज्य सरकार से पंचायत चुनाव सुनिश्चित करने की मांग की है. वहीं गिरीडीह उपचुनाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी इस चुनाव को लेकर गंभीर है. वहीं कार्यसमिति बैठक के तीसरे सत्र को सम्बोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष सह सोशल मीडिया प्रभारी बालमुकुंद सहाय ने सोशल मीडिया की महत्ती उपयोगिता पर चर्चा की. उन्होंने पार्टी के कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने की बात कही. तीसरे सत्र की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के द्वारा जिला एवं मंडल स्तरीय संगठन की समीक्षा की गई.





