जमशेदपुर : गोलमुरी जॉगर्स पार्क स्थित श्री श्री काली पूजा समिति नव युवक चेतना मंच के पूजा पंडाल के तत्वावधान में आगामी काली पूजा के भव्य आयोजन के लिए पूजा पंडाल का भूमि पूजन पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ. इस अवसर पर पंडित राकेश पाण्डेय ने पूजा-अर्चना कर मां काली के आगमन एवं सफल आयोजन के लिए गोलमुरी मंडल भाजपा अध्यक्ष पप्पू उपाध्याय ने विधिवत पूजा संपन्न कराई. पूजा समिति के संस्थापक मंटू तिवारी ने बताया कि समिति प्रत्येक वर्ष श्रद्धा-भक्ति के साथ मां काली की पूजा आयोजित करती है. पूजा पंडाल की भव्यता और सौम्यता शहर में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करती है. इस वर्ष भी श्रद्धालुओं को कुछ नया और अनोखा देखने को मिलेगा. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने बताया कि इस बार गिटार की आकर्षक आकृति में पूजा पंडाल तैयार किया जाएगा, जो जमशेदपुर के पूजा पंडालों के बीच अपनी अलग पहचान बनाएगा. पंडाल की भव्य सजावट के साथ मां काली की प्रतिमा भी अद्भुत एवं आकर्षक स्वरूप में स्थापित की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी. समिति के मुख्य संयोजक शिवशंकर सिंह ने बताया कि समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए लगातार दो दिन तक महाप्रसाद वितरण का आयोजन भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक भक्त मां का प्रसाद ग्रहण कर सकें. (नीचे भी पढ़ें)
इस वर्ष पूजा पंडाल का उद्घाटन भी विशेष रूप से समाज में मातृशक्ति के सम्मान और सेवा भाव को समर्पित रहेगा. उद्घाटन समारोह में पूजा समिति के सदस्यों के परिवारों की मातृशक्ति के साथ वृद्धाश्रम की माताओं को विशेष सम्मान देते हुए उनके हाथों पंडाल का उद्घाटन कराया जाएगा. इसके अतिरिक्त सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र से जुड़ी महिलाएं भी उद्घाटन समारोह में शामिल होंगी.
भूमि पूजन में चन्द्रकेत सिंह, उमेश प्रसाद, मनीष मिश्रा, दिलीप केशरी, शंभू सिंह, आनंद मिश्रा, बिनोद सिंह, अरुण शुक्ला, अप्पू तिवारी, धर्मेंद्र पांडेय, राजेश कुमार, मिथिलेश कुमार, दिलीप प्रमाणिक, मुकेश सिंह, अनिल चौरसिया, नीरज मिश्रा, सुनील सिंह यादव, अमरेंद्र प्रताप सिंह, बिनोद कुमार, राजीव श्रीवास्तव, अशोक राय इत्यादि मौजूद रहे.





