जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के केबुल बस्ती की 3 नंबर लाइन में बुधवार को एक खपरैल मकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सामान निकालने का मौका नहीं मिल सका. घटना में मकान के अंदर मौजूद घरेलू सामान जलकर राख हो गया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने की कोशिश शुरू की. इसी बीच अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई. जानकारी मिलते ही झारखंड अग्निशमन विभाग की एक बड़ी और दो छोटी दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास के घरों तक फैलने से रोक दिया. (नीचे भी पढ़ें)
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने की वजह गैस लीकेज होने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, अगलगी के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग से प्रभावित मकान शकुंतला देवी का है, जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है. घर का सामान नष्ट होने से उनके सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की चुनौती खड़ी हो गई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों से पीड़ित महिला को आर्थिक सहायता देने की अपील की है. वहीं, लोगों ने प्रशासन से अगलगी में हुए नुकसान का आकलन कर शकुंतला देवी को नियमानुसार उचित मुआवजा और आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की मांग की है.












