जमशेदपुर : टुइला डुंगरी गुरुद्वारा साहिब से 60 तीर्थयात्रियों का जत्था श्री गुरु नानक देव जी के चरण-छोह प्राप्त ऐतिहासिक स्थान चंद्रकोना गुरुद्वारा साहिब के दर्शन के लिए रवाना हुआ. झारखंड रंगरेटा महासभा के प्रधान मनजीत सिंह गिल एवं युवा शाखा के प्रधान दिलजीत सिंह के नेतृत्व में श्रद्धालुओं का यह जत्था धार्मिक यात्रा पर रवाना हुआ है. इस अवसर पर टुइला डुंगरी गुरुद्वारा कमेटी एवं रंगरेटा महासभा की ओर से उपस्थित अतिथियों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (सीजीपीसी) के प्रधान भगवान सिंह एवं चेयरमैन सरदार शैलेंद्र सिंह ने रंगरेटा महासभा के इस प्रयास की सराहना की. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन कराने की पहल सराहनीय है. इससे संगत को धार्मिक एवं आध्यात्मिक रूप से जुड़ने का अवसर मिलता है. उन्होंने महासभा के पदाधिकारियों का आभार भी जताया. (नीचे भी पढ़ें)
जत्थे को रवाना करने के मौके पर नामदा बस्ती गुरुद्वारा के प्रधान दलजीत सिंह, टुइला डुंगरी गुरुद्वारा के प्रधान सतबीर सिंह, बलबीर सिंह बबलू, रवींद्र सिंह रिंकू, जसबीर सिंह पदरी, तरसेम सिंह, सुखदेव सिंह मली, अमरदीप सिंह भाटिया, करमजीत सिंह, जोगिंदर सिंह जोगी, दलबीर कौर, चरणजीत कौर, रणजीत सिंह सहित रंगरेटा महासभा और विभिन्न गुरुद्वारा कमेटियों के कई पदाधिकारी, महिला सभा की सदस्य एवं संगत के लोग उपस्थित रहे. सभी ने तीर्थयात्रियों की सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की.





