जमशेदपुर: बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव एरिया रविवार को चक्रवाती तूफान में परिवर्तित हो गया है. जिसके कारण ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी में बारिश हो रही है. मौसम विभाग के अनुसार चक्रवाती तूफान 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश के तट से टकराएगा. इस दौरान तेज हवाएं चलेंगी, जिसकी रफ्तार 115 से 125 किमी प्रति घंटा तक हो सकती है. आंध्र प्रदेश में 26 से 29 अक्टूबर तक बारिश का अनुमान है. चक्रवात के कारण ओडिशा के गंजाम, गजपति, रायगढ़ा, कोरापुट और मलकानगिरी जिले में 28 और 29 अक्टूबर को सभी स्कूल-कॉलेज और आंगनवाड़ी केंद्र बंद करने के आदेश दिए गए हैं. पुडुचेरी में शनिवार रात से लगातार बारिश हो रही है. वहीं, तमिलनाडु में बारिश के बीच इरोड जिले में रविवार को कोडिवेरी बांध पर लगातार दूसरे दिन पर्यटकों की एंट्री बंद रही. केरल में भी बारिश से जनजीवन प्रभावित है. मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड में रेड अलर्ट है. (नीचे भी पढ़े)
इन जिलों में शैक्षणिक संस्थानों और पर्यटन स्थलों को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं.इस चक्रवात की असर झारखंड में देखने को मिल सकता है. राजधानी रांची में रविवार 25 अक्टूबर की सुबह कुहासा रहा, इसके बाद मौसम साफ रह सकता है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार सोमवार, 26 अक्टूबर को भी सुबह कुहासा रहेगा, इसके बाद आंशिक बादल छाने की संभावना है. इन दोनों दिनों के लिए कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गयी है. 27 अक्टूबर को बदलाव के संकेत हैं. इस दिन रांची में आंशिक बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है. इस दौरान गरज चमक, आकाशीय बिजली व तेज हवा को लेकर अलर्ट किया गया है. इस दिन झारखंड के कई हिस्सों में भी इस दौरान आकाशीय बिजली और तेज हवा का असर देखने को मिल सकता है.28 व 29 अक्टूबर को मौसम में बदलाव ज्यादा स्पष्ट हो सकता है. रांची, कोल्हान, संथालपरगना में आसमान बादलों से घिरा रहने और मध्यम बारिश की संभावना है.





