चाईबासा : सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन ग्राउंड में मंगलवार को जिला स्तरीय तीरंदाजी ट्रायल का आयोजन किया गया. इसमें कुल 60 तीरंदाजों ने हिस्सा लिया. ट्रायल के माध्यम से 46वीं सीनियर रिकर्व राउंड, 22वीं सीनियर कंपाउंड राउंड और 33वीं सीनियर इंडियन राउंड प्रतियोगिता के लिए विभिन्न वर्गों के प्रतिभाशाली तीरंदाजों का चयन किया गया. चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. (नीचे भी पढ़ें)

ट्रायल के दौरान रिकर्व, इंडियन राउंड और कंपाउंड वर्ग के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को स्टेट टीम में स्थान मिला. चयनित तीरंदाजों में रिकर्व बॉयज वर्ग में हरडुब तिरिया, एंजेल सुंडी, देवकुमार केराई एवं सिकंदर सिरका, जबकि गर्ल्स रिकर्व में सुष्मिता कुमारी, आश्रिता बिरुली, सुमन पुर्ती एवं प्रिया बास्के शामिल रहे. इसी प्रकार इंडियन राउंड के बॉयज वर्ग में योगेंद्र हेस्सा, घनश्याम जामुदा, विजय धनवा एवं सन्नी हेंब्रम जबकि इसके गर्ल्स वर्ग में संगीता कोडांकेल. चांदमनी कुंकल. मिली मछुआ एवं मोनित पुर्ती शामिल रहे. कंपाउंड राउंड में आकाश आल्डा शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चंदन कुमार गोप उपस्थित रहे. इस अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम तीरंदाज संघ के अध्यक्ष सिद्धार्थ पाड़ेया, सचिव महर्षि, महेंद्र सिंकू और कोषाध्यक्ष सुमित बलमुचु समेत गुनाराम पुर्ती, जानो पुर्ती, गार्दी कुटिया, मनकी कुदादा, अमित सिन्हा तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे. जिला स्तरीय ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. खिलाड़ियों के चयन से जिले में तीरंदाजी के प्रति बढ़ते उत्साह और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों को बल मिला है.















