जमशेदपुर : जमशेदपुर जिले में अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर गुरुवार को पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने मुसाबनी अनुमंडल क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक के क्षेत्राधिकार में आने वाले सभी थानों के थाना प्रभारी, पुलिस निरीक्षक मुसाबनी और जादूगोड़ा उपस्थित रहे. (नीचे देखे पूरी खबर)

इस दौरान सभी थानों में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. बैठक में विशेष रूप से वर्ष 2025 से पूर्व के लंबित कांडों और आईटी एक्ट (सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम) से संबंधित मामलों का तेजी से अनुसंधान पूरा कर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने लंबित मामलों को गंभीरता से लेते हुए अनुसंधान में तेजी लाने और मामलों के निष्पादन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया. क्षेत्र में गृहभेदन और मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा इन मामलों का उदभेदन करने के उद्देश्य से विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

टीम को इन घटनाओं से संबंधित मामलों की जांच कर अपराधियों तक पहुंचने और चोरी की घटनाओं के खुलासे की दिशा में कार्रवाई करने की जिम्मेदारी दी गई है. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कम्युनिटी पुलिसिंग और नियमित गश्ती व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने का निर्देश दिया. इसका उद्देश्य आम जनता के बीच पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करना और अपराध की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है. बैठक में सभी थाना प्रभारियों को स्वयं एंटी क्राइम चेकिंग अभियान में शामिल होने को कहा गया. चेकिंग के दौरान चोरी की मोटरसाइकिलों, अवैध आग्नेयास्त्रों और मादक पदार्थों की बरामदगी पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया. इसके साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अपराध नियंत्रण के लिए लगातार कार्रवाई करने को कहा गया. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अड्डेबाजी के विरुद्ध छापेमारी अभियान चलाने का भी निर्देश दिया. पुलिस का उद्देश्य असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाना, संदिग्ध स्थानों की निगरानी करना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है. बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, चोरी की घटनाओं के उद्भेदन, अवैध हथियारों एवं मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई और पुलिस गश्ती को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया.












