जमशेदपुर : ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और कैंसर से जूझ रहे मरीजों का मनोबल मजबूत करने के उद्देश्य से जमशेदपुर में कैनकेयर की टीम ने कैंसर मरीजों और उनके अटेंडेंट के साथ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया. अक्टूबर माह में मनाए जाने वाले ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में मरीजों को बीमारी के लक्षण, समय पर जांच और बचाव से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं. (नीचे देखे पूरी खबर)

कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों और उनके परिजनों को जागरूक करने के साथ उन्हें मानसिक संबल प्रदान करना भी था. कार्यक्रम के दौरान कैंसर विशेषज्ञ डॉ. जयश्री बनकरिया ने मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवाद किया. उन्होंने ब्रेस्ट कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि समय पर बीमारी की पहचान और उचित चिकित्सा से उपचार की संभावनाएं बेहतर हो सकती हैं. उन्होंने लोगों को शरीर में होने वाले असामान्य बदलावों को नजरअंदाज नहीं करने और किसी भी तरह के संदेह की स्थिति में चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया. डॉक्टर ने बताया कि ब्रेस्ट कैंसर केवल महिलाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि पुरुषों में भी यह बीमारी हो सकती है. (नीचे देखे पूरी खबर)

हालांकि, पुरुषों में इसके मामले अपेक्षाकृत कम पाए जाते हैं. उन्होंने लोगों से अपील की कि स्तन में गांठ, निप्पल में बदलाव या किसी अन्य असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करें और समय रहते जांच कराएं. उन्होंने यह भी समझाया कि नियमित स्वास्थ्य जांच, लक्षणों के प्रति सतर्कता और समय पर चिकित्सकीय परामर्श बीमारी की पहचान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. जागरूकता के माध्यम से लोगों में कैंसर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करना और समय पर उपचार के लिए प्रोत्साहित करना बेहद जरूरी है. कैनकेयर की टीम पिछले कई वर्षों से कैंसर से जूझ रहे मरीजों के साथ जुड़कर विभिन्न जागरूकता और सहयोग कार्यक्रम आयोजित करती रही है. संस्था का उद्देश्य मरीजों और उनके परिवारों को बीमारी के कठिन दौर में भावनात्मक सहयोग देना, उनमें सकारात्मक सोच विकसित करना और कैंसर के प्रति समाज में जागरूकता फैलाना है. कार्यक्रम के दौरान मरीजों और उनके अटेंडेंट के साथ बातचीत की गई. जागरूकता सत्र के बाद सभी के बीच मिठाई बांटी गई और मिल-जुलकर समय बिताया गया. इस पहल से मरीजों को अपनापन महसूस कराने और उनके मनोबल को बढ़ाने का प्रयास किया गया. इस कार्यक्रम में कैनकेयर की ओर से रमेश सिंह, त्रिलोक सिंह, रूबी भाटिया, श्रवण सिंह, निकुंज और बब्बू सहित अन्य सदस्य शामिल रहे. कैनकेयर की इस पहल ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि कैंसर के खिलाफ लड़ाई में चिकित्सा के साथ-साथ जागरूकता, समय पर जांच, परिवार का सहयोग और समाज की संवेदनशील भागीदारी भी महत्वपूर्ण है.












