गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में एक महिला के साथ दुष्कर्म और दुर्व्यवहार का गंभीर मामला सामने आया है. पारिवारिक विवाद की शिकायत लेकर थाना पहुंची महिला ने वहां तैनात एक पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म करने और उसकी लज्जा भंग करने का आरोप लगाया है. मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आरोपी पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)

जानकारी के अनुसार, गम्हरिया थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला शुक्रवार को पारिवारिक कलह से परेशान होकर शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंची थी. पीड़िता का आरोप है कि इसी दौरान थाना परिसर में एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ दुर्व्यवहार करते हुए दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. (नीचे भी पढ़ें)
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरायकेला के एसडीपीओ अनुभव भारतद्वाज देर रात गम्हरिया थाना पहुंचे. उन्होंने थाना प्रभारी और संबंधित पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली. साथ ही मामले की जांच शुरू कराई. एसडीपीओ अनुभव भारतद्वाज ने बताया कि महिला की ओर से लगाए गए आरोपों को गंभीरता से लिया गया है. संदेही पुलिसकर्मी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. पीड़िता के बयान के आधार पर निष्पक्ष जांच कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.












