जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो के न्यू पुरुलिया रोड पर वन विभाग कार्यालय के समीप सड़क की बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है. जलापूर्ति योजना के तहत सड़क की खुदाई किए जाने के बाद अब तक समुचित मरम्मत नहीं कराई गई है. इसके कारण जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं. बारिश होने पर इन गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क पर चलना और भी खतरनाक हो गया है. पानी के नीचे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं मिलने के कारण दोपहिया वाहन चालक लगातार दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)

स्थानीय लोगों का कहना है कि चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हुई बारिश के दौरान कई बाइक सवार पानी से भरे गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके हैं. सड़क की परेशानी यहीं तक सीमित नहीं है. फ्लाईओवर निर्माण कार्य में लगी एजेंसी की ओर से भी कई स्थानों पर सड़क को क्षतिग्रस्त कर दिया गया है. इससे सड़क पर आवागमन करना वाहन चालकों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है. (नीचे भी पढ़ें)

सड़क की बदहाली के कारण पहले भी लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी है. दुर्गा पूजा से पहले हुई बारिश के दौरान सड़क पर कीचड़ जमा होने से घंटों यातायात बाधित रहा था. जाम की स्थिति इतनी गंभीर हो गई थी कि एंबुलेंस तक को निकलने का रास्ता नहीं मिल पा रहा था. इसके बावजूद अब तक सड़क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय निवासियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि निर्माण कार्य के नाम पर सड़क को खोद दिया जाता है, लेकिन काम पूरा होने के बाद उसकी मरम्मत की जिम्मेदारी कोई नहीं लेता. इसका खामियाजा रोजाना इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को भुगतना पड़ रहा है. लोगों ने मानगो की महापौर सुधा गुप्ता से हस्तक्षेप कर संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी को तत्काल सड़क की मरम्मत कराने का निर्देश देने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते गड्ढों को नहीं भरा गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है.












