गम्हरिया: सरायकेला खरसांवा जिले के गम्हरिया थाना में महिला के साथ दुष्कर्म के मामले में नया मोड़ आ गया है. अब खुलासा हुआ है कि दुष्कर्म की शिकार महिला नहीं, बल्कि नाबालिग लड़की है. इस खुलासे के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है.पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है. वहीं, नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ लाने के आरोप में उसके कथित पति शंकर दास को भी गिरफ्तार कर लिया गया है.जानकारी के अनुसार, पीड़िता करीब छह महीने से अपने परिवार से लापता थी. उसके परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा था. इसी बीच समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर और पीड़िता की तस्वीर देखकर ओडिशा में रहने वाले उसके परिवार के लोगों ने उसे पहचान लिया. इसके बाद परिजन एक मानवाधिकार संगठन की मदद से बुधवार को गम्हरिया थाना पहुंचे.(नीचे भी पढ़े)

परिजनों ने पुलिस को बताया कि शंकर दास उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले आया था और पिछले कई महीनों से उसे अपने साथ रख रहा था. परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. इसके बाद शंकर दास को गिरफ्तार कर लिया गया.पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी सामने आने के बाद अब इस मामले में गिरफ्तार पुलिसकर्मियों की मुश्किलें भी बढ़ सकती हैं. नाबालिग के साथ दुष्कर्म और इसमें सहयोग करने के आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ने की तैयारी की जा रही है. पुलिस पूरे मामले में पीड़िता की उम्र से संबंधित दस्तावेजों और परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही हैइस घटनाक्रम के बाद गम्हरिया थाना से जुड़े दुष्कर्म मामले ने नया रूप ले लिया है. अब पुलिसकर्मियों के साथ-साथ पीड़िता को अपने साथ लाने वाले शंकर दास की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है.












