गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले के ललमटिया थाना अंतर्गत डहुआ गांव में 10 वर्षीय बच्ची नीतू मरांडी की बेरहमी से हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया गया. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. बच्ची का धड़ पास के एक खेत में मिला, जबकि उसका सिर घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर खेत से बरामद किया गया. मृतका डहुआ उत्क्रमित उच्च विद्यालय में चौथी कक्षा में पढ़ाई करती थी. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा है.मृतका के पिता तालवा और मुखिया प्रतिनिधि विनोद बेसरा से मिली जानकारी के अनुसार, रात में परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद सो गए थे. इसी दौरान रात में दरवाजा की आवाज सुनाई दी.जब बच्ची के माता-पिता की नींद खुली तो उन्होंने देखा कि बच्ची नीतू मरांडी अपने बिस्तर पर नहीं है. बाहर निकलकर खोजबीन की तो घर के दरवाजे के पास उसका कंबल पड़ा मिला, लेकिन बच्ची का कहीं पता नहीं चला. परिजनों के अनुसार, घटना के दौरान घर की बिजली भी काट दी गई थी.(नीचे भी पढ़े)
इसके बाद परिजनों ने आसपास के ग्रामीणों और पंचायत की मुखिया सोनी मुर्मू को घटना की जानकारी दी. मुखिया ने घटनास्थल पर पहुंचकर ललमटिया पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही महागामा एसडीपीओ वरुण रजक, मेहरमा इंस्पेक्टर उपेंद्र महतो, ललमटिया इंस्पेक्टर रूबी मिंज और थाना प्रभारी रौशन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस और ग्रामीणों ने घंटों तक बच्ची की तलाश की. इसी दौरान घर के पीछे खेत में बच्ची का धड़ बरामद हुआ. शुरुआती तलाशी में बच्ची का सिर नहीं मिला, जिसके बाद आसपास के खेतों और इलाकों में सघन खोजबीन की गई. घंटों की मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर खेत से बच्ची का सिर भी बरामद कर लिया गया.घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गोड्डा भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं, आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है.अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर 10 साल की मासूम बच्ची की इतनी बेरहमी से हत्या किसने और किस वजह से की? पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है.












