पटमदा: पटमदा के बिड़रा गांव में गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनियंत्रित एलपी ट्रक सड़क किनारे स्थित मकान में जा घुसा. हादसे में मकान का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक का अगला हिस्सा भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. गनीमत रही कि घटना में चालक समेत कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया और सभी सुरक्षित बच गए.
मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर से स्पेयर पार्ट्स लेकर आ रहा एलपी ट्रक (डब्ल्यूबी 78/6049) बिड़रा गांव पहुंचते ही अचानक अनियंत्रित हो गया. बताया जाता है कि ट्रक का स्टेयरिंग अचानक फ्री हो जाने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा. (नीचे भी पढ़े)
इसके बाद तेज रफ्तार ट्रक सीधे नीलकमल महतो के मकान में जा घुसा.टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं, ट्रक का अगला हिस्सा और चालक की तरफ का दरवाजा बुरी तरह दब गया. हादसे के बाद जोरदार आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए काफी सावधानी से ट्रक में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला.घटना की सूचना मिलने पर पटमदा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली. पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है. हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि, अचानक हुई इस घटना से गांव में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.












