गिरिडीह: गिरिडीह जिले में पांच हथियारबंद अपराधियों ने दिनदहाड़े बैंक डकैती की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. गुरुवार को धनवार बाजार के चमड़ा गोदाम स्थित यूको बैंक में घुसे अपराधी करीब 4 करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और 12 लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए. अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया था.बैंक प्रबंधक के मुताबिक, गुरुवार दोपहर करीब 12:44 बजे पांच हथियारबंद अपराधी बैंक में दाखिल हुए. अंदर घुसते ही उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया. एक अपराधी ने बैंक मैनेजर के सिर पर बंदूक तान दी, जबकि उसके अन्य साथियों ने लोगों को हथियार के बल पर डराकर एक जगह रोक दिया.(नीचे भी पढ़े)

इसके बाद अपराधियों ने बैंक के लॉकर को निशाना बनाया. वहां रखे सोने के जेवरात और नकदी समेटने के बाद सभी अपराधी फरार हो गए. पूरी वारदात को अंजाम देने में करीब 20 मिनट लगे. अपराधियों के जाने से पहले बैंक के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लगा दिया गया, जिससे कर्मचारी और ग्राहक अंदर ही फंसे रह गए.घटना के दौरान बैंक में 20 हजार रुपये जमा करने पहुंचे मो. महताब ने बताया कि अपराधियों ने अंदर आते ही सभी लोगों को हथियार के बल पर काबू कर लिया था. उनसे भी रुपये मांगे गए. विरोध करने पर अपराधियों ने उनके साथ मारपीट की.अपराधियों के फरार होने के बाद बैंक के अंदर फंसे लोगों ने शोर मचाकर मदद मांगी. .(नीचे भी पढ़े)

आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बैंक के मुख्य दरवाजे का ताला खोलकर कर्मचारियों और ग्राहकों को बाहर निकाला.घटना की सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ बैंक पहुंचे. इसके बाद खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस बैंक कर्मचारियों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है. बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. साथ ही अपराधियों के आने और फरार होने के रास्तों की जानकारी जुटाई जा रही है.घटना के बाद धनवार बाजार के कारोबारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है.












