चाकुलिया: झारखंड के बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक समीर मोहंती ने केरल विधानसभा में आयोजित लोक लेखा समिति के राष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होकर झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व किया. इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए विधायकगण एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया.सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की भी गरिमामयी उपस्थिति रही. इस दौरान देश के विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के बीच संसदीय कार्यप्रणाली, लोकलेखा समिति की भूमिका और सरकारी खर्चों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचारों का आदान-प्रदान हुआ.(नीचे भी पढ़े)
विधायक समीर मोहंती ने इस सम्मेलन में सहभागिता को अपने लिए गौरवपूर्ण और प्रेरणादायक अनुभव बताया.उन्होंने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय सम्मेलन विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधियों को एक-दूसरे के अनुभवों से सीखने और संसदीय व्यवस्था को बेहतर ढंग से समझने का अवसर प्रदान करते हैं. उन्होंने कहा कि झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए इस राष्ट्रीय मंच पर शामिल होना उनके लिए सम्मान की बात है. इस प्रकार के आयोजनों से लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली, वित्तीय अनुशासन और जनहित से जुड़े संसदीय दायित्वों के प्रति समझ को और व्यापक बनाने का अवसर मिलता है.












