जमशेदपुर : जेवियर पब्लिक स्कूल डोरकासाई में गुरुवार को दीपावली समारोह बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर विद्यालय में अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिनमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और खूब आनंद उठाया. समारोह का शुभारंभ दीपावली के महत्त्व पर दिए गए भाषण द्वारा किया गया. कक्षा के छात्र-छात्राओं ने भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन की अत्यंत सुंदर झांकी प्रस्तुत कर सबका मनमोहा. (नीचे भी पढ़े)
नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने अपने मनमोहक नृत्यों द्वारा भगवान राम, सीता और लक्ष्मण के आगमन का स्वागत किया. अन्य वर्गों के विद्यार्थियों ने रंगोली बनाकर विद्यालय को सजाया. कक्षा 1 से 4 तक के बच्चों ने दीप पेंटिंग कर उसे सजाया. कक्षा 6 तथा 7 के विद्यार्थियों ने रंगों के महत्त्व पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. सभी बच्चे आज के कार्यक्रम में अत्यंत प्रसन्न दिखाई दिए. दीपावली बुराई पर अच्छाई की विजय का पावन पर्व है. इस त्योहार में हमें अपने घर और आस-पास की सफाई के साथ-साथ अपने मन के अंदर की बुराई की भी सफाई करनी चाहिए और स्वच्छ मन के साथ इस पावन पर्व को मनाना चाहिए. कार्यक्रम में बच्चों ने त्योहार मनाकर पारस्परिक प्रेम और भाईचारे का परिचय दिया.












