जमशेदपुर : टाटा स्टील की संपत्ति की चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत टाटा स्टील सिक्योरिटी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कॉपर वायर चोरी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान बर्मामाइंस इस्लाम बस्ती, मकान नंबर 22 निवासी राजेश साहू के रूप में हुई है. सिक्योरिटी टीम ने कार्रवाई के दौरान आरोपी के पास से करीब 136 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया है. बरामद कॉपर वायर का अनुमानित बाजार मूल्य 81,600 रुपये बताया जा रहा है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अग्रेतर कार्रवाई के लिए बिष्टुपुर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने चोरी की घटना में कथित रूप से शामिल अपने कुछ अन्य सहयोगियों की भी जानकारी दी है. पुलिस और सिक्योरिटी टीम इस जानकारी के आधार पर मामले की आगे जांच कर अन्य आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है. टाटा स्टील सिक्योरिटी विभाग की इस कार्रवाई को कंपनी की संपत्तियों की सुरक्षा, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.












