जमशेदपुर: जमशेदपुर से सटे सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र के डोबो में गुरुवार देर रात हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. पांडे ढाबा के समीप कार और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई. मृतकों की पहचान धतकीडीह मुखी बस्ती निवासी सुभाष कर्मकार (20) और कपाली के झोपड़ी बस्ती निवासी लाया मुखी (19) के रूप में हुई है. दोनों की असमय मौत से इलाके में मातम पसरा हुआ है. मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक गुरुवार देर रात मोटरसाइकिल से डोबो की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पांडे ढाबा के पास सफेद रंग की कार (जेएच 02बीएन-3464) से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. (नीचे भी पढ़ें)
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए. दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे की सूचना मिलते ही कपाली ओपी की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची. दोनों युवकों की नाजुक हालत को देखते हुए एएसआई मुन्ना राय ने एम्बुलेंस का इंतजार किए बिना पुलिस के पीसीआर पेट्रोलिंग वाहन से उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है. हादसा तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुआ, इसकी जांच की जा रही है. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस का कहना है कि दुर्घटना की वास्तविक वजह अनुसंधान पूरा होने के बाद ही सामने आएगी. सुभाष कर्मकार और लाया मुखी की उम्र महज 19 और 20 वर्ष थी. दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. जवान बेटों को खोने से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. इस दर्दनाक हादसे के बाद डोबो और आसपास के इलाकों में सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं.












