जमशेदपुर : टाटा स्टील के केबल टनल क्षेत्र में कंपनी की संपत्ति चोरी करने की कोशिश को सिक्योरिटी टीम ने नाकाम कर दिया. टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर दो आरोपियों को पकड़ लिया. उनके पास से 486 किलो कॉपर केबल बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 1,25,260 रुपये बताई गई है. जानकारी के अनुसार, कंपनी की सिक्योरिटी टीम को चोरी की गतिविधियों के संबंध में गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद टीम ने केबल टनल क्षेत्र में लगातार निगरानी शुरू की. सुनियोजित रणनीति और सतर्कता के साथ की गई कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ने में सफलता मिली. तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी का कॉपर केबल बरामद किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुगसलाई स्थित गरीब नवाज कॉलोनी निवासी मोहम्मद अफजल और नौशाद अंसारी के रूप में हुई है. बरामद 486 किलो कॉपर केबल एचएसएम सी-3 यार्ड से मिली है. कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को बरामद केबल के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित थाने को सौंपा जा रहा है. टाटा स्टील सिक्योरिटी टीम की इस कार्रवाई को कंपनी की संपत्ति की सुरक्षा और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है.












